जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के तेजगढ़ गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार खुनदनपर गांव निवासी शेष नारायण पटेल का 25 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार पटेल बाजार से बाइक से घर लौट रहा था। तेजगढ़ के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले गए, जहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही आनंद की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
.png)
