Aawaz News
रामपुर (जौनपुर)।
रामपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित गन्धौना (दादर) के पास बुधवार शाम करीब 4 बजे हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गन्धौना (दादर) निवासी जियालाल यादव (70 वर्ष) पुत्र सहतू यादव साइकिल से रामपुर बाजार की ओर जा रहे थे। नेशनल हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जियालाल यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में बाइक चालक नीरज यादव (20 वर्ष) पुत्र अरविंद यादव, निवासी गन्धौना (दादर), गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
.png)
