जौनपुर।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पहली घटना गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र की है। रामपुर उदयासन गांव निवासी विशेष कुमार (17) और जुनैद हाशमी (16) बुधवार सुबह बाइक से परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। सकोई गांव के बिलाव घाट के पास उनकी बाइक एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
दूसरी घटना खुटहन थाना क्षेत्र के पिलकिछा गांव की है। हाईस्कूल की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे वीरेश कुमार (16) को रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं तीसरी घटना मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मणिपुर गांव से सामने आई। दोनों आंखों से दिव्यांग विजय बहादुर उर्फ बाबा पैदल बाजार जा रहे थे। चैत्र के चुरारी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने एंबुलेंस की सहायता से उन्हें भी जिला अस्पताल पहुंचाया।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल है, खासकर परीक्षा के दौरान छात्रों के घायल होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

