जौनपुर। खुटहन आवाज़ न्यूज
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान लपरी गांव निवासी बाबूराम बिंद के पुत्र राधेश्याम बिंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने राधेश्याम की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि राधेश्याम की मौत सामान्य नहीं लग रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक शराब का आदी था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन पत्नी पहले ही उसे छोड़कर जा चुकी थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
सरायख्वाजा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।

