जौनपुर।
शहर में जहर खुरानी गिरोह एक बार फिर सक्रिय नजर आया है। बदमाशों ने दवा व्यवसायी को नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी कीमती सोने की चेन, अंगूठियां और नकदी लूट ली और अचेत अवस्था में झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के भंडारी मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय शोभा नाथ साहू बुधवार सुबह रिश्तेदारी में मिर्जापुर जाने के लिए लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित जेसीज चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनसे मिला और बातचीत के दौरान विश्वास में लेकर खुद को भी मिर्जापुर जाने वाला बताकर कार में बैठा लिया।
कार जैसे ही मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के श्री गांव के पास पहुंची, तभी गिरोह के सदस्यों ने शोभा नाथ साहू को नशीला पदार्थ खिला दिया। अर्धमूर्छित अवस्था में उनसे करीब 20 ग्राम सोने की चेन, 3–4 ग्राम की तीन सोने की अंगूठियां और जेब में रखे 12 हजार रुपये लूट लिए गए। इसके बाद बदमाश उन्हें झाड़ियों में फेंककर मौके से फरार हो गए।
कुछ देर बाद गांव में खेल रहे बच्चों की नजर अचेत अवस्था में पड़े वृद्ध पर पड़ी, जिसके बाद शोर मचाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की जेब में मिली डायरी से परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचकर उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उनका इलाज जारी है।
लूटी गई सोने की चेन और अंगूठियों की अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

