भाजपा राजनीतिक दल नहीं, गैंग की तरह काम कर रही: अखिलेश यादव

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

आवाज़ न्यूज़ 



 मुंबई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि गैंग की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रयागराज के माघ मेले में पूज्य शंकराचार्य को गंगा स्नान से रोका गया और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया।


मुंबई में आयोजित ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय आगरा में छत्रपति शिवाजी के नाम पर देश का सबसे बड़ा म्यूजियम बनाया जा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उस परियोजना को रोक दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छत्रपति शिवाजी के नाम पर एक हजार एकड़ में विशाल पार्क बनाया जाएगा।


पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान चुनाव आयोग, प्रशासन और भाजपा के बीच मिलीभगत देखने को मिली, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई।


उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित, शोषित और अपमानित लोगों को एकजुट करने के लिए पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के तहत काम कर रही है। उन्होंने मान्यवर कांशीराम को याद करते हुए कहा कि बहुजन समाज को जागरूक करने में उनका बड़ा योगदान रहा है और समाजवादी पार्टी चाहती है कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।


अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों पर चलकर समाज को जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होगा।


उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में समाजवादी पार्टी ममता बनर्जी का समर्थन कर रही है और चाहती है कि वे फिर से मुख्यमंत्री बनें।


इस अवसर पर महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी, सांसद राजीव राय और पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा सहित कई नेता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)