लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आलू के गिरते दाम को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आलू के दाम गिरने से किसान बर्बादी की कगार पर हैं, लेकिन भाजपा सरकार पूरी तरह लापरवाह बनी हुई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उनका आरोप है कि भाजपा को केवल अपनी राजनीतिक सत्ता की चिंता है, जबकि किसानों की परेशानी और उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता चुनाव प्रचार के लिए तो हर समय उपलब्ध रहते हैं, लेकिन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके पास समय नहीं है। किसानों की लागत तक नहीं निकल पा रही है, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति ऐसी है जिससे फसलों के दाम इतने कम हो जाएं कि किसानों की लागत भी न निकल सके। इससे किसान खेती छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे और अपनी जमीनें औने-पौने दामों में बेचने पर विवश हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित पूंजीपति किसानों की जमीन खरीदकर बड़े स्तर पर खेती करना चाहते हैं और किसानों को उनके ही खेतों में मजदूर बना देना चाहते हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि इसी सोच के तहत कभी भू-अधिग्रहण बिल लाया जाता है, कभी तीन कृषि कानून और कभी ऐसी विदेशी डील की जाती है जो देश की खेती और किसानों के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
अखिलेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो वह दिन दूर नहीं जब आज का खेत मालिक किसान अपने ही खेत की उपज खरीदने के लिए मजबूर हो जाएगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा दल नहीं बल्कि दलाल की तरह काम कर रही है।

