Aawaz News
नई दिल्ली। ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के ऊर्जा बाजार पर भी पड़ने लगा है। देश के कई शहरों में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर परेशानी सामने आ रही है, जिसके चलते गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगने की खबरें मिल रही हैं। वहीं मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन गैस बुकिंग में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार हालिया अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है। स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर की मांग अचानक बढ़ने से वितरण व्यवस्था पर दबाव पड़ गया है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से कई जगह होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच तेल रिफाइनिंग और गैस आपूर्ति से जुड़ी कंपनियों को उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आम लोगों को गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है।

