Aawaz News
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की अगली किस्त जारी करेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री असम के गुवाहाटी से देशभर के किसानों के खातों में सीधे यह राशि ट्रांसफर करेंगे।
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। प्रत्येक किस्त के रूप में किसानों को 2 हजार रुपये मिलते हैं।
बताया जा रहा है कि 13 मार्च को जारी होने वाली यह पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी एक कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल तरीके से किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती से जुड़े खर्चों में मदद करना है। पीएम किसान योजना का लाभ देश के करोड़ों किसानों को मिल रहा है।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिन किसानों ने ई-केवाईसी, बैंक खाता आधार से लिंक और भूमि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हीं किसानों के खातों में किस्त की राशि भेजी जाएगी।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते पीएम किसान पोर्टल पर जाकर अपनी ई-केवाईसी और अन्य जरूरी जानकारी अपडेट कर लें, ताकि किस्त की राशि प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो।

