Aawaz News
जौनपुर। चौकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकिया मंडी के धन्नेपुर गांव चौराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार से सामान लेने उतरे युवकों पर बाइक सवार दबंगों ने अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों से किए गए हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीड़ित युवक अपनी कार से कुछ सामान निकालने के लिए जैसे ही नीचे उतरे, तभी 10 से 12 की संख्या में बाइक सवार युवक मौके पर पहुंचे। सभी के चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि बिना कुछ कहे ही दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मामले को लेकर नवीन सब्जी मंडी चौकिया धाम चौकी प्रभारी कृष्णानंद यादव ने बताया कि बीते 26 फरवरी को इसी क्षेत्र से एक बारात गई थी, जिसमें शामिल कुछ युवकों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर उसी घटना से जुड़े लोगों के रिश्तेदार हैं।
उन्होंने बताया कि मौके से तीन संदिग्धों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

