Aawaz Newz
चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल की आस्था के महान केंद्र शीतला चौकियां धाम में चैत्र माह की अष्टमी तिथि पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए भक्तों ने माता शीतला का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
भव्य श्रृंगार और आरती से हुई शुरुआत
प्रातःकाल मंदिर के कपाट खुलते ही मंदिर पुजारी मुक्तेश्वर पंडा ने माता रानी का भव्य श्रृंगार कर आरती-पूजन संपन्न कराया। इसके बाद से ही भक्तों की लंबी कतार लग गई जो देर शाम तक बनी रही।
बसिऔरा पूजन और पवित्र कुंड में आस्था
जनपद सहित दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने माला, फूल, हलवा, पूरी, गुलगुला, रोट एवं हल्दी का लेपन कर बसिऔरा पूजन सामग्री से माता रानी का विधिवत पूजन किया। मंदिर परिसर के समीप स्थित पवित्र कुंड में भी भक्तों ने हलवा, पूरी, गुलगुला व रोट अर्पित करते हुए हल्दी लेपन के साथ पूजन किया।
मुण्डन संस्कार का रहा विशेष महत्व
चैत्र अष्टमी की पावन तिथि पर अनेक श्रद्धालु अपने नौनिहाल बच्चों का मुण्डन संस्कार कराने के उपरांत माता रानी का दर्शन-पूजन करते दिखे।
रोग निवारण की देवी हैं माता शीतला
अष्टमी तिथि मौसम परिवर्तन के समय रोग निवारण की देवी माता शीतला को समर्पित मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन विशेष पूजन करने से चेचक, बुखार और ज्वर जैसी बीमारियों से सुरक्षा मिलती है।
अन्य मंदिरों में भी रहा श्रद्धालुओं का तांता
मंदिर परिसर के समीप स्थित कालभैरव नाथ मंदिर और मां काली मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे मंदिर परिसर में पुलिस एवं पीएसी बल तैनात रहे।

