Jaunpur News होली पर जौनपुर में 108 एंबुलेंस हाई अलर्ट, खुटहन CHC पर पायलट सोनू यादव तैनात

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0


 

जौनपुर। होली पर्व को देखते हुए जिले में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी एंबुलेंस 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।


108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा संचालित करने वाली संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रोग्राम मैनेजर सनी सिंह एवं प्रभारी बलजीत ने बताया कि त्योहार के दौरान आपातकालीन सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख थानों के आसपास एंबुलेंस की विशेष तैनाती की गई है।


खुटहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात 108 एंबुलेंस के पायलट सोनू यादव ने बताया कि होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए टीम पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर 108 नंबर डायल करते ही एंबुलेंस कम से कम समय में मौके पर पहुंचेगी।


सड़क दुर्घटना, जलने की घटना, हार्ट अटैक, सांस की तकलीफ, पेट दर्द या अन्य चिकित्सीय समस्या की स्थिति में नागरिक 108 नंबर पर कॉल कर नि:शुल्क सेवा प्राप्त कर सकते हैं। सभी एंबुलेंस में ऑक्सीजन, जीवन रक्षक दवाएं और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध रहेगा।


इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों के लिए 102 एंबुलेंस सेवा भी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। प्रदेश में 108 सेवा की 2200 और 102 सेवा की 2270 एंबुलेंस संचालित हैं। होली के दौरान सभी सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)