Aawaz News
जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोढ़ा गांव के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ताजजुद्दीनपुर गांव निवासी लल्लू पटेल (40) अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुंगराबादशाहपुर में रिश्तेदारी से लौट रहे थे। ई-रिक्शा में उनकी पत्नी अनीता देवी (35), सावित्री देवी (40), प्रदीप (37) और लालती (25) भी सवार थीं। जब ई-रिक्शा जौनपुर–रायबरेली हाईवे पर कोढ़ा गांव के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चार की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

