Aawaz news
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के डोबरा गांव में रविवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोबरा गांव निवासी रामशरण मिश्र का 26 वर्षीय पुत्र सच्चिदानंद मिश्र घर से कुछ दूरी पर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहा था। देर रात अचानक उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने देखा कि युवक के सिर से तेज़ी से खून बह रहा था और वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। सूचना मिलने पर चंदवक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवक ले गई।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिलने से घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोट किसी धारदार हथियार से लगी है या गोली लगने से हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

