Jaunpur News जौनपुर में युवक की मौत पर हंगामा, परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना का लगाया आरोप; शव रखकर लगाया जाम

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के मजीठी गांव में एक युवक की मौत के बाद रविवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्रयागराज मार्ग स्थित लोहिंदा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे।



मृतक की पत्नी वंदना सिंह का आरोप है कि उनके पति संतोष सिंह के खिलाफ गांव की एक महिला ने कुछ दिन पहले छेड़खानी और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था, जो पूरी तरह से झूठा था। उनका कहना है कि गांव के बृजेश जायसवाल से किसी अन्य व्यक्ति का विवाद चल रहा था, जिसमें संतोष सिंह ने बृजेश जायसवाल के खिलाफ गवाही दी थी। इसी रंजिश में उनकी पत्नी सुमन जायसवाल के माध्यम से संतोष सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।


परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिसकर्मी लगातार फोन कर और घर पहुंचकर 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। पैसे न देने पर जेल भेजने की धमकी दी जा रही थी, जिससे संतोष सिंह मानसिक तनाव में आ गए थे। इसी बीच उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई।


मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शव को लोहिंदा चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


इस संबंध में थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। पुलिस पर लगाए गए प्रताड़ना के आरोप निराधार हैं। पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)