जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के कटघरा मोहल्ला के पास सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि सिकरारा थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव निवासी अश्विनी (25) पुत्र गमचंद अपने मामा दीपक (24) पुत्र जयशंकर निवासी अस्वानपुर थाना जलालपुर के साथ बाइक से सोमवार सुबह अपनी जलपान की दुकान पर जा रहे थे।
इसी दौरान कटघरा मोहल्ला के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अश्विनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दीपक का उपचार चल रहा है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

