Aawaz News
जौनपुर। मिशन शक्ति केंद्र महिला थाना में सोमवार को एक दंपत्ति के बीच चल रहे आपसी विवाद का सफल समाधान कराया गया। काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया, जिससे एक टूटता हुआ परिवार फिर से जुड़ गया।
जानकारी के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी रूपा पत्नी चंद्रभान ने अपने पति चंद्रभान के खिलाफ गाली-गलौज और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मिशन शक्ति केंद्र महिला थाना में प्रार्थना पत्र दिया था। मामले की जांच के दौरान दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया गया।
महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी ने दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और परिवार के महत्व को समझाते हुए उन्हें काउंसलिंग दी। काफी समझाने-बुझाने और सुलह के प्रयासों के बाद पति-पत्नी आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हो गए।
महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी ने बताया कि पारिवारिक मामलों में आपसी संवाद और समझदारी बेहद जरूरी होती है। उचित समझाइश के बाद दोनों पक्ष साथ रहने को राजी हो गए, जिसके बाद उनके बीच समझौता करा दिया गया।
मिशन शक्ति केंद्र की इस पहल से एक टूटते हुए परिवार को फिर से जोड़ने में सफलता मिली।

