Aawaz News
जौनपुर। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और गैस की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर जौनपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार घरेलू रसोई गैस के दामों में वृद्धि कर रही है। हाल ही में गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई के इस दौर में गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से महिलाओं और आम परिवारों के घरेलू बजट पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दामों में पहले ही 115 रुपये की वृद्धि की जा चुकी है और अब उनकी आपूर्ति में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि गैस सिलेंडरों की कमी के कारण कई स्थानों पर कालाबाजारी बढ़ रही है। वहीं आम उपभोक्ताओं को गैस प्राप्त करने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और आम जनता को राहत प्रदान की जाए।

