Aawaz News
जौनपुर। खुटहन थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका 25 हजार रुपये का इनामी साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और नगदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित इनामी अभियुक्त रविन्द्र वर्मा की घेराबंदी की।
पुलिस के पहुंचते ही रविन्द्र वर्मा के साथी अखिलेश यादव ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान रविन्द्र वर्मा मौके से फरार हो गया, जबकि अखिलेश यादव को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अखिलेश यादव (37) पुत्र स्वर्गीय रामबहादुर यादव निवासी खानपुर बिलारमऊ थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक फायरशुदा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 1300 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह रविन्द्र वर्मा के गिरोह का सदस्य है और दोनों लूट की योजना बनाकर निकले थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने फायरिंग की और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्त रविन्द्र वर्मा पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

