जौनपुर। वासंतिक नवरात्र के छठवें दिन मां शीतला चौकियां धाम में मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है, जिन्हें विवाह, साहस और सफलता की देवी माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु पीले या लाल वस्त्र धारण कर मां को पीले फूल, शहद, कुमकुम, हल्दी और चंदन अर्पित करते हैं तथा ‘ॐ देवी कात्यायन्यै नमः’ मंत्र का जाप करते हैं।
मंदिर के कपाट प्रातः 4 बजे खुलने के बाद महंत विवेकानंद पंडा द्वारा मां का भव्य श्रृंगार कर आरती-पूजन किया गया। ब्रह्म मुहूर्त से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गई थीं। दुर्गा सप्तशती पाठ, वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन और जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
श्रद्धालु बारी-बारी से दर्शन-पूजन करते नजर आए। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने मुंडन संस्कार, कढ़ाही पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। व्रती महिलाओं ने घरों में भी विधि-विधान से पूजा-पाठ किया।
दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र कुंड के समीप स्थित काल भैरवनाथ और मां काली मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। सोमवार होने के कारण शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर में चौकियां चौकी इंचार्ज राम प्रकाश यादव पुलिस बल एवं पीएसी के साथ मुस्तैद रहे।

