Jaunpur News जौनपुर के शाही ईदगाह में अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज़, अमन-चैन की मांगी दुआ

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 Aawaz News 



जौनपुर। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जौनपुर शहर की ऐतिहासिक शाही ईदगाह में अकीदत और श्रद्धा के साथ ईद की नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के बाद देश और दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई।


शाही ईदगाह में सुबह 9:15 बजे ईद की नमाज़ अदा की गई, जिसकी इमामत मौलाना फैसल कमर ने की। अपने ख़ुत्बे में उन्होंने लोगों को बुराइयों से दूर रहने, नेक रास्ते पर चलने और समाज में आपसी सहयोग व सद्भाव बनाए रखने की नसीहत दी।


नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर "ईद मुबारक" कहा और खुशियाँ साझा कीं। इस दौरान ईदगाह कमेटी के सेक्रेटरी मोहम्मद शोएब, संचालक नेयाज ताहिर शेखू, रियाजुल हक़ खान, मौलाना खुजैमा, मौलाना अफाक, ताज मोहम्मद, जफर राजा, हाजी इमरान सहित कई लोगों ने आयोजन में सहयोग किया।


शहर की जामा मस्जिद, लाल दरवाजा समेत अन्य मस्जिदों और ईदगाहों में भी ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नमाज़ के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस बल की तैनाती रही तथा लोगों से ईदगाह परिसर में ही नमाज़ अदा करने की अपील का पालन किया गया।


ईद के मौके पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। ईदगाह के बाहर लगे मेलों में बच्चों ने अपनी ईदी से खिलौने और मिठाइयाँ खरीदीं।


सामाजिक सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली, जहां विभिन्न धर्मों के लोगों ने ईदगाह पहुंचकर एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक अरशद खान, नदीम जावेद, आरिफ हबीब, इंदु सिंह सहित जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)