Aawaz News
जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सरायपड़री गांव में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चन्द्र तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना महराजगंज व सुजानगंज की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
बताया जाता है कि सरायपड़री गांव निवासी अनुज मिश्रा की तहरीर पर अज्ञात लोगों द्वारा जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने का मुकदमा थाना सुजानगंज में दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम सक्रिय रूप से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
शनिवार को भोगीपुर कठार के पास प्रतापगढ़ बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध बाइक सवार भाग रहे हैं। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों आरोपी तेजी से भागने लगे, लेकिन कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।
इसके बाद दोनों आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

