जौनपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर राष्ट्रीय हिन्दू भगवा वाहिनी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अंजना सिंह द्वारा भव्य माता की चौकी का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर भक्ति भाव से माँ दुर्गा की आराधना की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने देवी गीत, पचरा और भजन प्रस्तुत किए तथा श्रद्धा और उत्साह के साथ माँ दुर्गा की स्तुति में झूमती नजर आईं। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु माँ के जयकारों से गूंज उठे।
इस अवसर पर डॉ. अंजना सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, धैर्य और सुख-समृद्धि का संचार होता है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और आस्था मजबूत होती है।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भी कहा कि जो भक्त सच्चे मन और विश्वास के साथ माँ की पूजा करते हैं, माँ दुर्गा उनकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण करती हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।



