Aawaz news
जौनपुर। प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के कोदहूं गांव के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस डिपो की रोडवेज बस करीब 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे कोदहूं गांव के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा गया, जबकि एक गंभीर घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया।
इस दुर्घटना में बस चालक सतीश गुप्ता (45 वर्ष), निवासी लवायन (खुटहन) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में घायल 9 यात्रियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है।

