Jaunpur News जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, असलहा व लूटी बाइक बरामद

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 



जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना जफराबाद, गौराबादशाहपुर और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, अवैध असलहे, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।


पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने घटना का सफल अनावरण किया।


बताया गया कि गोसाईपुर गांव निवासी प्रेमचंद यादव, जो जनसेवा केंद्र संचालक हैं, को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और बैग में रखा पैसा लूट लिया था। पीड़िता निशा देवी की तहरीर पर थाना जफराबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश लूटी हुई मोटरसाइकिल से बेलाव पुल की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में आदर्श यादव उर्फ अलगू निवासी विशुनपुर बसवत थाना गौराबादशाहपुर, दिवाकर कुमार निवासी सकरा थाना गौराबादशाहपुर तथा अमन यादव निवासी बगथरी थाना गौराबादशाहपुर शामिल हैं। इनके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, कारतूस, लूट की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 27 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी अनुराग यादव के साथ मिलकर जनसेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लगभग 90 हजार रुपये लूटे थे। घटना के बाद वे वाराणसी भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही पकड़ लिया।


घटना में घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)