जौनपुर। तहसील केराकत सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 179 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना स्थलीय निरीक्षण और शिकायतकर्ता से बातचीत किए किसी भी प्रकरण का निस्तारण न किया जाए।
कार्यक्रम में ग्राम नरहन निवासी संतश्री रामजनम नागर ने रामजानकी मंदिर एवं आश्रम निर्माण में व्यवधान की शिकायत की, जिस पर नायब तहसीलदार और सीओ चकबंदी को जांच के निर्देश दिए गए।
ग्राम मुरलीपुर निवासी अश्वनी उपाध्याय ने भूमि कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर उप जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं ग्राम टुसौरी निवासी जितेंद्र सिंह ने सरकारी चकरोड और परती भूमि पर अतिक्रमण का मामला उठाया, जिस पर राजस्व टीम को पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम सुरतपुर की पूजा ने शाही किले में आयोजित सामूहिक विवाह योजना में शामिल किए जाने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को पात्रता जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आबादी से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम समन्वय बनाकर कार्य करे, जिससे शिकायतों का प्रभावी समाधान हो सके।

