Jaunpur News जौनपुर में मिलेट्स रोड शो को डीएम ने दिखाई हरी झंडी, मोटे अनाज को बढ़ावा देने की पहल

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 जौनपुर। मोटे अनाजों को फिर से आम जनजीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद में मिलेट्स रोड शो का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।



यह जनजागरूकता मार्च कलेक्ट्रेट से शुरू होकर लाइन बाजार और वाजिदपुर होते हुए कृषि भवन परिषद तक निकाला गया। इस दौरान डीजे, प्रचार वाहनों और स्लोगन के माध्यम से लोगों को मोटे अनाजों के पोषण और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।


रैली को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मोटे अनाज (मिलेट्स) ग्लूटेन फ्री होते हैं और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। कम पानी, कम उर्वरक और कम समय में इनकी खेती संभव है, जिससे किसानों को भी फायदा होता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा ‘श्री अन्न योजना’ के तहत इन फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो अनाज पहले गरीबों का भोजन माना जाता था, आज वही अपने पोषण गुणों के कारण ‘सुपर फूड’ के रूप में पहचान बना चुका है। सरकार किसानों को इनके बीज निःशुल्क उपलब्ध करा रही है, जिससे किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉ. वी.बी. द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी डॉ. स्वाति पाहुजा, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ. रमेश चंद्र यादव, टीडी पीजी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. रमेश सिंह सहित छात्र-छात्राएं और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)