लखनऊ/जालौन। समाजवादी पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए वीरांगना फूलन देवी की छोटी बहन रुक्मिणी देवी निषाद को समाजवादी महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह नियुक्ति समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति के बाद की गई है। रुक्मिणी देवी जालौन जनपद के ग्राम शेखपुर गुड़ा का पुरवा, पोस्ट मंगरोल की निवासी हैं।
रुक्मिणी देवी का नाम वीरांगना फूलन देवी से जुड़ा होने के कारण सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी चर्चाओं में है। माना जा रहा है कि उनके मनोनयन से पार्टी महिला संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ निषाद समाज में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
पार्टी के पदाधिकारियों ने इस निर्णय को संगठन के विस्तार और सामाजिक संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। वहीं कार्यकर्ताओं में भी इस नियुक्ति को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

