Jaunpur News जौनपुर में 42 हजार से ज्यादा राशन कार्ड धारक जांच के घेरे में, आयकरदाताओं पर कार्रवाई तेज

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0


 जौनपुर। जनपद में राशन कार्ड को लेकर बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। खाद्य एवं रसद विभाग की जांच में 42 हजार से अधिक राशन कार्ड धारक जांच के दायरे में आ गए हैं। इन पर आयकरदाता होने के बावजूद गलत जानकारी देकर राशन कार्ड बनवाने का आरोप है।


विभागीय जांच के दौरान अब तक पांच एकड़ से अधिक भूमि रखने वाले 446 राशन कार्ड रद्द किए जा चुके हैं। नियमानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में राशन कार्ड के लिए वार्षिक आय सीमा दो लाख रुपये और शहरी क्षेत्रों में तीन लाख रुपये निर्धारित है। इसके अलावा चार पहिया वाहन या पांच एकड़ से अधिक भूमि होने पर व्यक्ति अपात्र माना जाता है।


जांच के दायरे में आए कुल 42,243 कार्डधारकों में 36,072 ग्रामीण और 6,162 शहरी क्षेत्र के हैं। आयकरदाताओं की संभावित सूची भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई है, जिसके आधार पर सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।

जिले में वर्तमान में कुल 8,33,710 राशन कार्ड धारक हैं, जिनमें 1,25,472 अंत्योदय कार्डधारक और 7,08,238 पात्र गृहस्थी कार्डधारक शामिल हैं।


जिला आपूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने से जांच कार्य आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी देकर राशन कार्ड बनवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और जल्द ही अंतिम सूची जारी की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)