Aawaz News
जौनपुर में समाजवादी मजदूर सभा ने मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने नोएडा समेत प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे श्रमिक आंदोलनों के समर्थन में सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
ज्ञापन में कहा गया कि मजदूर वेतनवृद्धि, 8 घंटे का कार्यदिवस, ओवरटाइम में दोगुना वेतन और साप्ताहिक अवकाश जैसी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को अनसुना किया जा रहा है।
समाजवादी मजदूर सभा ने आरोप लगाया कि नोएडा में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे श्रमिकों पर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। संगठन ने मांग की कि गिरफ्तार श्रमिकों और मजदूर नेताओं को तत्काल बिना शर्त रिहा किया जाए।
ज्ञापन में 'फ्लोर लेवल वेज' लागू कर न्यूनतम मजदूरी के अधिकार को कमजोर करने के प्रयासों का भी विरोध किया गया। साथ ही 'फिक्स्ड टर्म रोजगार' जैसी नीतियों को बंद कर श्रमिकों को स्थायी रोजगार की सुरक्षा देने की मांग उठाई गई।
समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव अमित यादव ने कहा कि सरकार की नीतियां पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने और मजदूरों को अधिकारहीन बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नोएडा में श्रमिकों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और गिरफ्तार मजदूरों को रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में अजय यादव, मनोज कुमार शर्मा, विशाल कन्नौजिया, प्रदीप यादव, धीरज बिंद, सुदर्शन यादव, इंद्रेश यादव, रमाशंकर चौहान, राजकुमार बिंद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

