Jaunpur News सिंदूरदान से पहले बिगड़ी दूल्हे की तबीयत, दुल्हन पक्ष ने शादी से किया इनकार

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

 


जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित प्राचीन दुर्गा देवी धाम मंदिर परिसर में आयोजित एक विवाह समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब सिंदूरदान और मंगलसूत्र पहनाने से ठीक पहले दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी रामजित पटेल की 22 वर्षीय पुत्री का विवाह वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र निवासी रमाशंकर पटेल के 25 वर्षीय पुत्र के साथ तय हुआ था। विवाह समारोह रायपुर गांव स्थित प्राचीन दुर्गा देवी धाम मंदिर में चल रहा था।

बताया जा रहा है कि शादी की अधिकांश रस्में पूरी हो चुकी थीं। इसी दौरान सिंदूरदान और मंगलसूत्र पहनाने से पहले दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे दौरा पड़ने जैसी स्थिति हो गई। यह देखकर कन्या पक्ष के लोग हैरान रह गए।

कन्या पक्ष का आरोप था कि दूल्हे की बीमारी की जानकारी पहले से छिपाई गई थी, जबकि वर पक्ष इन आरोपों से इनकार करता रहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और मंदिर परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। थाने में घंटों पंचायत और समझौते का दौर चलता रहा। बाद में दोनों पक्ष शादी में हुए खर्च और लेन-देन की रकम वापस करने को लेकर सहमति बनाने में जुटे रहे। अंततः दुल्हन पक्ष ने विवाह से इनकार कर दिया।

थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

– आवाज़ न्यूज़

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)