जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेन्द्रपुर स्थित सरकारी अस्पताल के पास रास्ता मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जूड़ापुर गांव निवासी संजय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई राजन सिंह अपने साथी धर्मेन्द्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल से सुलतानपुर जनपद के करौंदी कला थाना क्षेत्र स्थित दसगरपारा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहा था।
आरोप है कि पट्टीनरेन्द्रपुर अस्पताल के पास पहले से मौजूद स्थानीय निवासी आयुष सिंह, करौंदी कला थाना क्षेत्र के रामपुर दुबायल निवासी प्रियम सिंह, केकरचौर निवासी सौरभ सिंह तथा एक अज्ञात व्यक्ति से रास्ता मांगने को लेकर विवाद हो गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए राजन सिंह की मोटरसाइकिल रोक ली और चाकू से सिर व चेहरे पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे धर्मेन्द्र सिंह के साथ भी मारपीट की गई तथा मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपितों आयुष सिंह, प्रियम सिंह और सौरभ सिंह को पट्टीनरेन्द्रपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी प्रद्युम्न मणि त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल ओम तिवारी, हेड कांस्टेबल रघुपति राम तथा कांस्टेबल रत्न लाल गिरी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपितों का चालान न्यायालय भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
– आवाज़ न्यूज़

