जौनपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
🟨 गोधना बाईपास पर छात्रा की मौत
जफराबाद थाना क्षेत्र के गोधना बाईपास पर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भुवालापट्टी गांव निवासी हरिनाथ पटेल की 18 वर्षीय पुत्री ज्योति पटेल बाजार सामान लेने गई थी। बताया जा रहा है कि जब वह गोधना हाईवे पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल किशोरी को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
🟨 सुजानगंज में कार की टक्कर से अधेड़ की मौत
वहीं जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला गांव में गुरुवार शाम लगभग सात बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई।
मृतक की पहचान शेषमणि प्रजापति (48 वर्ष) पुत्र भोनूराम प्रजापति निवासी रायपुर कला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर के पास सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज गति से आ रही बोलेरो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
परिजन उन्हें उपचार के लिए कई चिकित्सकों के पास ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों घटनाओं की सूचना पर संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
– आवाज़ न्यूज़

