जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पवारा और थाना मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में थाना पवारा व थाना मीरगंज पुलिस कुंवरपुर तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश अवैध हथियार के साथ क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई।
बताया जा रहा है कि चितांव की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर वह भागने लगा। भागने के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. उमर पुत्र सुहेल अहमद निवासी ग्राम चोरसण्ड थाना गौराबादशाहपुर, जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना मीरगंज के थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, थाना पवारा के थानाध्यक्ष अनिल कुमार, उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव समेत दोनों थानों की पुलिस टीम शामिल रही।
– आवाज़ न्यूज़

