जौनपुर। चर्चित आजाद बिंद हत्याकांड में मृतक को न्याय दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। घटना के करीब डेढ़ माह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
परिजनों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक सद्भावना पुल से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान मृतक की बहन सौम्या बिंद ने मोर्चा संभालते हुए भाई के लिए न्याय की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से मामले में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
सौम्या बिंद ने कहा कि जब तक उनके भाई को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में आवश्यक कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
— आवाज़ न्यूज़

