जौनपुर। खेतासराय पुलिस ने बस, ट्रेन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक महिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून को कस्बा खेतासराय में सुरेश बिंद का सामान चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को महिला गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खेतासराय रेलवे स्टेशन के पास से तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नेहा निवासी बक्सर (बिहार), सोहाना देवी निवासी भोजपुर (बिहार) तथा शोभा निवासी भोजपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से पीली धातु के आभूषणों के टुकड़े, झुमका, टप्स, अंगूठी और दो हजार रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीनों महिलाओं के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
— आवाज़ न्यूज़

