लोक परंपरा और संस्कृति हमारी विरासत है : डॉ. अंजना सिंह
बदलापुर /जौनपुर
राष्ट्रीय हिंदू भगवा वाहिनी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अंजना सिंह के नेतृत्व में लोहिया पार्क, पॉलीटेक्निक चौराहा में हरियाली तीज महोत्सव ‘सावनी फुहार’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने नृत्य, कजरी गीतों और विभिन्न मनोरंजक खेलों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता पार्वती एवं भगवान शिव के चित्र पर पुष्प अर्पित करने तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर कोतवाल अनीता सिंह उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अंजू कन्नौजिया (आशीर्वाद हॉस्पिटल), डॉ. मधु शारदा, डॉ. शकुंतला यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. अंजना सिंह ने कहा कि “लोक परंपरा और संस्कृति हमारी विरासत है।” उन्होंने कहा कि कजरी हमारी समृद्ध लोक परंपरा का हिस्सा है, लेकिन आज यह धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही है। ऐसे में हम सभी को मिलकर अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति को फिर से जीवंत करने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. गुंजन पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में इस तरह के सांस्कृतिक एवं पारंपरिक आयोजन कम देखने को मिलते हैं। एक मंच पर इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को जोड़ना सराहनीय और काबिले-तारीफ है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सुष्मिता सिंह, रेडियोलॉजिस्ट, तेज डायग्नोस्टिक सेंटर ने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डॉ. अंजना सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में लोकसंस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए सैकड़ों महिलाओं को एक मंच पर एकत्र करना अपने आप में सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती नीलम सिंह, डायरेक्टर होली चाइल्ड स्कूल सहित अन्य महिलाओं एवं अतिथियों को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों और मातृशक्तियों को एक-एक पौधा उपहार स्वरूप प्रदान किया गया।
हरियाली तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कजरी गीतों, नृत्य और विभिन्न खेलों के बीच कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय हिंदू भगवा वाहिनी की सैकड़ों मातृशक्तियां एवं अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

