जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुराचार का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
पीड़िता की मां के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे किशोरी ने पेट में दर्द होने की बात कही और घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित शौचालय के लिए गई थी। आरोप है कि शौचालय से बाहर निकलते ही पहले से मौजूद तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पास स्थित मकई के खेत की ओर खींच ले गए।
परिजनों का आरोप है कि खेत में किशोरी की आंखों पर पट्टी बांधकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया गया। बताया गया कि किशोरी के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां की नींद खुल गई। मां जब घटनास्थल की ओर पहुंची तो आरोपी किशोरी को खेत के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद परिजनों को तहरीर देने के लिए सरायख्वाजा थाने भेजा गया।
बताया जाता है कि रात करीब तीन बजे परिजन थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों से पूछताछ करने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी की है।
सीओ सदर के अनुसार, घटना के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। वहीं थाना पुलिस की दो टीमें भी आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी हैं।
थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

